वल्र्ड कप की जीत ने रात में भी मनवा दी रंग पंचमी -आतिशबाजी के बीच रंगो की फुहार ने होली-दीवाली जैसा नजारा दिखाया, जीत के जश्न में तिरंगा हाथ में लेकर झूमे युवा
रतलाम। वल्र्डकप फाइनल में भारती की जीत ने रतलाम में रात में भी रंगपंचमी मनवा दी। रतलाम में जीत का जश्न मनाने शहरवासी दो बत्ती चौराहे पर पहुंचे। हाथों में तिरंगा व भगवा झंडे लेकर भारत मां की जय, जय जय श्री राम के जयकारे लगा ढोल की थाप पर जमकर थिरके और आतिशबाजी कर रंग गुलाल उड़ाया।

मैच के दौरान शहर में अलग-अलग स्थानों पर एलईडी लगाकर लाइव प्रसारण देखा गया। न्यूजीलैंड का 8वां विकेट होते ही युवाओं की टोलियों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया था। देखते-देखते ही शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से बडी संख्या में भीड दो बत्ती चौराहे पर पहुंची। कई लोग छोटे बच्चों व परिवार के साथ भी पहुंचे। जमकर जश्न मनाया। जश्न मनाने मुस्लिम व बोहरा समाज के लोग भी पहुंचे। हाथों में तिरंगा लेकर भारत की जीत का खुशी मनाई।

जश्न के होश में कुछ युवा आतिशबाजी कर पटाखें हवा में व भीड में फेंकते रहे। इससे परिवार के साथ आए लोगों को परेशानियों का भी सामना करना पडा। रात 11.30 बजे तक जमा युवाओं की भीड नहीं हट रही थी तब सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन ने बल के साथ सख्ती से हटाते हुए भीड को तीतर-बीतर कर दिया। खान-पान की खुली दुकानों को भी बंद करा दिया।

